संदेश

दृष्टा-425

चित्र
दृष्टा बनकर देखो पहले  बुरे विचार मन में ना लाओ करता है सब करने वाला ईश्वर पर विश्वास जमाओ मैं-मैं अपनी दूर भगाकर  देखो उसके खेल निराले अच्छा-बुरा करने वालों के वे ही हैं सबके रखवाले कौन किसी को क्या दे सकता ? ईश्वर ही सब देने वाले  उम्मीद किसी से क्यों करना  जब कर ही दिया सब उनके हवाले सबको अच्छा सोचा कर तू सब ही अच्छे लगने लगेंगे तेरे दु:खों-तेरे कष्टों को केवल गुरुवर ही दूर करेंगे वे ही सारे कष्ट करेंगे !!

शुकराना -424

चित्र
शुकराना तेरा है प्रीतम तूने मुझको गले लगाया प्यार की छांव में मुझे बिठाकर तूने अमृत पान कराया छककर अमृत पीता रहा मैं प्याला खाली होता गया ना जाने बिन देखे कैसे तू भी प्याला भरता गया जब-जब मुझको लगता ऐसे रीता होता जाता है सब तब अनदेखे अनजाने ही सब औकात से ज़ियादा देता गया शुकराना... शुकराना प्रीतम प्रेम प्याला पिलाता गया मुझको अपना बनाता गया !!

कैसी प्रीत -423

चित्र
कैसी प्रीत की लगन लगी है कैसे तराने प्यार के गाऊं जाने अंजाने जब से मिला हूं तेरी ही छांव में पलता गया हूं क्या-क्या मन को याद दिलाऊं कैसे मैं शुकराना  गाऊं तू ही सब कुछ मेरा है बस सब कुछ मुझमें तू ही है कैसे प्यार को भूलूं तेरे प्रीतम मेरा तू ही है तेरे प्यार से गढ़ा गया मैं तुझको छोड़ कहां जाऊं दिल से दिल तक तार जुड़ा है तुझमें विलय-विलय हो जाऊं कैसे तराने प्यार के गाऊं कैसे मैं शुकराना गाऊं !!

अतीत- 422

चित्र
अतीत की यादों के सहारे.. वर्तमान में जीना सुकून भरा होता है तेरे साथ बिताये एक- एक पल को ख्वाबों में सजाना कितना सुखद होता  है..  तेरी बातें , तेरी यादें, तेरा मुस्कुराना और अचानक क्षितिज में कहीं खो जाना.. जैसे कल की ही बात हो..  तेरी यादों के सहारे जीवन का बढ़े जाना भी.. लबालब खुशबुओं से भरा होता है !!

होली की याद -421

चित्र
मैंने खेली होली तुम संग थी मैंने तुम संग.... पहले चरनन गुलाल लगाई ऊपर से फिर फूल बरसाई मुख पर चन्दन अबीर लगाई तुम तो ऐसे सज गये दाता जैसे सज गये हों रघुराई मैंने तुम संग..... हर होली मुझे याद है आती अंखियां अविरल अश्रु बहाती रह-रह कर तेरी याद दिलाती अब तो आ जाओ मेरे दाता तुम संग खेलुंगी फिर होली मैंने तुम संग......

होली गीत -420

चित्र
मन खेले मेरा होली "तुम संग" खेले मेरा मन होली मात-पिता के घर में आकर अपने ऊपर नित इठलाकर खेलूं सब संग होली मन खेले मेरा होली पिय घर से मैं निज घर आई खेल फाग ख़ूब धमाल मचाई भीतर से बाहर तक रंग गई खेली चहुं दिशि होली मन खेले मेरा होली "गुरु घर" मेरा जनम जनम से आवत जात रहि कबहु कबहु से जनिमन से हूं भटकत आई अब खेलूं गुरु संग होली मन खेले मेरा होली                            11/3/22  

कान्हा मेरे -419

चित्र
कान्हा मेरे वँशी तुम्हारी, मन को कितना रिझाती है । वँशी की धुन सुन के गोपियॉ, दौड़ी-भागी आती हैं । कैसे इशारे होते तुम्हारे, कैसे तुम उनको बुलाते हो । कोई भी उनको रोक न पाता, चुम्बक ऐसा लगाते हो । तेरा इठलाना,तेरी निगाहें, सब कुछ तेरा है अलबेला । तभी तो सबको छोड़ भागतीं, आते ही तेरी मधुर बेला । तेरा ध्यान और तेरी प्रीति, सब कुछ तो कर जाती है। मनुआ मेरा कहीं न भटके, ऐसा प्यार वो पाती है । दिल के गोकुल,मन की मथुरा से, तन द्वारिका पहुँचा ही दिया । बॉध के सब कुछ प्रेम-पाश में, रूप निराला दिखा ही दिया । मेरे कान्हा इसी तरह तुम, वशीभूत करते रहना । तेरे इशारे चले ये मनुआ, कसके डोर पकड़े रहना ।  .....ढीली डोर न कभी छोड़ना ।                                 👣🙏